पिटाई करने और गाली गलौज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने सस्पेंड कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच करने के निर्देश दिए हैं।
रियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया में फतेहाबाद रोड पर तहसील कॉप्लेक्स के सामने एक होटल पर कारिंदे की पिटाई करने और गाली गलौज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने पीसीआर पर तैनात ईएएसआई धर्मपाल को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उक्त कर्मचारी की विभागीय जांच करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में पुलिस के तीन कर्मचारी वर्दी में तहसील कॉप्लेक्स के सामने बने विजय होटल पर पहुंचे नजर आते हैं। एक पुलिसकर्मी होटल के कारिंदे की पिटाई करता दिखता है। वीडियो में सुनाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी बार-बार कारिंदे को गालियां दे रहा है। इस पूरे घटनाक्रम की किसी ने वीडियो बना ली। जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई।
शुक्रवार रात 11 बजे आकर होटल पर मांगी थी चाय
मीडिया से बातचीत में होटल मालिक अनमोल व विजय मलिक और कारिंदे रंजन ने बताया कि शुक्रवार रात को करीब 11 बजे तीन पुलिसकर्मी उनके होटल पर आए। उस समय होटल स्टाफ खाना खा रहा था। इस दौरान पुलिस कर्मचारी ने उन्हें चाय बनाने के लिए कहा। कारिंदे ने कहा कि खाना खाने के बाद चाय बना देते हैं। इतने में ही पुलिस कर्मचारी धर्मपाल भड़क गया और गाली गलौज करते हुए होटल के कारिंदे रंजन को पीटने लगा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी द्वारा बेवजह कारिंदे को पीटा गया।